Axiom 4 Mission : भारत ने बुधवार को मानव अंतरिक्ष यात्रा में ऐतिहासिक वापसी दर्ज की। भारत के शुभांशु शुक्ला एक्सिओम 4 मिशन के तहत बुधवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना हो गए। यह उपलब्धि राकेश शर्मा के ऐतिहासिक मिशन के 41 साल बाद हासिल हुई है। शुक्ला, एक्सिओम स्पेस के चौथे निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा हैं, जिसे स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से लॉन्च किया गया। पीएम मोदी ने शुभांशु और उनकी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
शुभांशु के साथ ये तीन अंतरिक्ष यात्री
इस मिशन में मिशन कमांडर और अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोश उज़्नान्स्की-विस्निविस्की और हंगरी के टिबोर कापू भी शामिल हैं। यह मिशन दोपहर 12:01 बजे (भारतीय समयानुसार) जोरदार तालियों के बीच लॉन्च हुआ। सबसे भावुक दृश्य लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में देखने को मिले, जहां शुक्ला के गर्वित माता-पिता और स्कूल समुदाय ने आंसुओं और उम्मीदों के साथ लाइव लॉन्च देखा। लॉन्च के लगभग दस मिनट बाद, ड्रैगन कैप्सूल सफलतापूर्वक कक्षा में प्रवेश कर गया, जो पृथ्वी की परिक्रमा 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति और 200 किलोमीटर की ऊंचाई पर कर रहा था।
'यह भारत की मानव अंतरिक्ष यात्रा की शुरुआत'
स्पेस की तरफ बढ़ रहे शुक्ला ने अंतरिक्षयान से कहा, 'यह एक शानदार सवारी रही'। हिंदी में बोलते हुए उन्होंने कहा, 'नमस्कार मेरे प्यारे देशवासियों; हम 41 साल बाद फिर से अंतरिक्ष में पहुंचे हैं।' शुक्ला ने अपने उड़ान सूट पर सजे तिरंगे का जिक्र करते हुए कहा, 'यह केवल मेरा ISS तक का सफर नहीं है, बल्कि भारत की मानव अंतरिक्ष यात्रा की शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि हर नागरिक इस नए अध्याय में हमारे साथ जुड़े।' इस मिशन का अंतरिक्ष यान, ग्रेस, लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद गुरुवार को शाम 4:30 बजे ISS से जुड़ने वाला है। वहां पहुंचकर, अंतरिक्ष यात्री 14 दिन तक मानव शरीर विज्ञान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और पृथ्वी अवलोकन पर केंद्रित 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे।
शुभांशु ने परिवार के लिए किया भावुक पोस्ट
स्पेस जर्नी से पहले शुभांशु ने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी और परिवार को लेकर एक दिल छू लेने वाली पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, क्योंकि हम 25 जून की सुबह जल्दी ही इस ग्रह को छोड़ने का प्लान बना रहे हैं, इसलिए मैं इस मिशन में शामिल सभी लोगों को उनके सपोर्ट के लिए थैंक्यू बोलना चाहता हूं। साथ ही घर पर मौजूद सभी लोगों को उनके आशीर्वाद और प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने क्या कहा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, 'ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने भारत के लिए अंतरिक्ष में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। पूरा देश एक भारतीय की सितारों की यात्रा पर उत्साहित और गर्वित है। इस मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं. ये नासा और इसरो के बीच स्थायी साझेदारी को दर्शाता है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों के मिशन का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 1 अरब 40 करोड़ भारतीयों की उम्मीदें लेकर आए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं!