India Adda News Logo
Back to Home

2019 में 16 सीट हारे फिर दो जीते, यूपी में 14 सीटों के लिए BJP की इस बार क्या है रणनीति

27/02/2024
18:22
2019 में 16 सीट हारे फिर दो जीते, यूपी में 14 सीटों के लिए BJP की इस बार क्या है रणनीति
2019 में 16 सीट हारे फिर दो जीते, यूपी में 14 सीटों के लिए BJP की इस बार क्या है रणनीति
Loksabha Election 2024: इस बार के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने जीत का लक्ष्य पिछली बार से बड़ा रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए 370 और एनडीए के लिए 400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पाने के लिए भाजपा पूरा दम लगा रही है। उसकी एक प्रमुख रणनीति उत्तर भारत में हारी हुईं सीटों को जीत में बदलने की है। इसे ध्यान में रखते हुए उसने उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने की रणनीति बनाई है। पिछले लोकसभा चुनाव में यानी 2019 में उसे 62 सीटों पर जीत मिली थी दो सीट उसके सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) के खाते में गई थीं। यानी कि भगवा पार्टी 64 सीटों पर विजयी हुई और 16 सीटों पर उसे शिकस्त मिली।

12 मार्च से पहले आ सकती है उम्मीदवारों की सूची

इन 16 सीटों में 10 पर बहुजन समाज पार्टी, पांच पर समाजवादी पार्टी और एक सीट रायबरेली पर कांग्रेस की सोनिया गांधी जीतीं। हालांकि, 2022 के उपचुनाव में भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ की दो सीटें सपा से छीन लीं। ऐसे में सूबे की 14 सीटें ऐसी हैं जो विपक्ष के पास हैं। इस चुनाव में इन 14 सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए भाजपा ने पूरा दम-खम लगा दिया है। खास बात यह है कि इनमें से रायबरेली और मैनपुरी ही मात्र ऐसी सीटें है जिन पर भाजपा का कभी खाता नहीं खुला बाकी 12 सीटों पर वह अपना परचम लहरा चुकी है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा 12 मार्च से पहले इन हारी हुई सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। गत शनिवार को नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में यूपी की 14 सीटों पर प्रत्याशियों के पैनल पर मंथन हुआ।

दलबदलू जिताऊ चेहरों पर भी दांव

सूत्रों के मुताबिक बैठक में सभी 14 सीटों पर प्रत्याशियों के पैनल को अंतिम रूप दिया गया। 28-29 फरवरी को प्रस्तावित भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा और केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि भाजपा की रणनीति चुनाव में जिताऊ चेहरों पर भी दांव लगा सकती है। कुछ सीटों पर दूसरे दलों के 'आकांक्षियों' को भी मौका दिया जा सकता है। अंबेडकरनगर, लालगंज, श्रावस्ती की सीटों पर दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को भी मिला सकता है। बिजनौर सीट रालोद के खाते में जा सकती है। यूपी की पहली सूची में हारी सीटों के अलावा कुछ वीआईपी सीटों पर भी नाम का ऐलान हो सकता है।

2019 में इन 16 सीटों पर हारी BJP

1-बिजनौर 2-अमरोहा 3-मुरादाबाद 4-संभल 5-रायबरेली 6-घोसी 7-लालगंज 8-जौनपुर 9-अंबेडकर नगर 10-गाजीपुर 11-श्रावस्ती 12-मैनपुरी 13-सहारनपुर 14-आजमगढ़ 15-रामपुर 16-नगीना बिजनौर बिजनौर सीट पर बसपा के मलूक नागर विजयी हुए। नागर को 559824 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के राजा भारतेंद्र सिंह रहे। भाजपा उम्मीदवार को 488061 वोट हासिल हुए। अमरोहा अमरोहा सीट पर बसपा के कुंवर दानिश अली को जीत मिली। अली को इस सीट पर 600744 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के कंवर सिंह तंवर रहे। तंवर को 536380 वोट मिले। मुरादाबाद मुरादाबाद सीट पर सपा के एसटी हसन विजयी हुए। हसन को 648817 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के कुंवर सर्वेश कुमार रहे। भाजपा प्रत्याशी को यहां 549729 वोट मिले। संभल संभल सीट पर सपा के खाते में गई। इस सीट पर सपा उम्मीदवार शफीकुर रहमान बर्क विजयी हुए। उन्हें 657505 वोट मिले। बर्क ने भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी को हराया। सैनी को इस सीट पर 482466 वोट मिले। रायबरेली रायबरेली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सोनिया गांधी विजयी हुईं। सोनिया को यहां 533687 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह रहे। दिनेश को इस सीट पर 365839 वोट मिले। घोसी घोसी सीट पर बसपा उम्मीदवार अतुल कुमार सिंह विजयी हुए। अतुल को इस सीट पर 572459 वोट मिले। इस सीट पर दूसरे स्थान पर भाजपा के हरिनारायण रहे। भाजपा उम्मीदवार को 449212 वोट मिले। लालगंज लालगंज सीट पर बसपा उम्मीदवार संगीता आजाद विजयी हुईं। इस सीट पर संगीता को 517545 वोट मिले। सपा उम्मीदवार ने भाजपा की नीलम सोनकर को हराया। सोनकर को यहां 356328 वोट मिले। जौनपुर जौनपुर सीट पर बसपा के श्याम सिंह यादव विजयी हुए। इस सीट पर श्याम सिंह को 520046 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के कृष्ण प्रताप सिंह रहे। सिंह को यहां 439292 वोट मिले। अंबेडकर नगर अंबेडकर नगर सीट पर बसपा के रितेश पांडे विजयी हुए। पांडे को 563445 वोट मिले। रितेश ने इस सीट पर भाजपा के मुकुट बिहारी को हराया। भाजपा उम्मीदवार को 467287 वोट हासिल हुए। गाजीपुर गाजीपुर सीट पर बसपा के अफजल अंसारी विजयी हुए। अंसारी को 564144 वोट मिले। अंसारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोज सिन्हा को हराया। सिन्हा को इस सीट पर 443188 वोट मिले। श्रावस्ती श्रावस्ती सीट पर बसपा के राम शिरोमणि विजयी हुए। इस सीट पर शिरोमणि को 441505 वोट मिले। इन्होंने भाजपा उम्मीदवार दद्दन मिश्रा को हराया। मिश्रा को इस सीट पर 436228 वोट मिले। मैनपुरी मैनपुरी सीट पर सपा से मुलायम सिंह यादव विजयी हुए। इस चुनाव में उन्हें 523145 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य रहे। शाक्य को 428559 वोट मिले। सहारनपुर सहारनपुर सीट पर बसपा के हाजी फजलुर रहमान विजयी हुए। बसपा उम्मीदवार को 513268 वोट मिले। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल दूसरे स्थान पर रहे। लखनपाल को 489942 वोट मिले। आजमगढ़ आजमगढ़ सीट पर सपा के अखिलेश यादव विजयी हुए। इस सीट पर अखिलेश को 619594 वोट मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ को 360255 वोट मिले। रामपुर रामपुर सीट पर सपा के आजम खान विजयी हुए। इस चुनाव में आजम को 559018 वोट और भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा नहाटा को 448630 वोट मिले। नगीना नगीना सीट पर बसपा के गिरीश चंद्र विजयी हुए। चंद्र को इस सीट पर 567195 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के डॉक्टर यशवंत सिंह रहे। सिंह को 399348 वोट मिले।

उपचुनाव में आजमगढ़, रामपुर जीता

2022 में आजमगढ़ की सीट से अखिलेश यादव के इस्तीफा देने और रामपुर सीट पर आजम खान की संसद सदस्यता जाने के बाद दोनों सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की। आजमगढ़ में निरहुआ ने धर्मेंद्र यादव और रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को हराया। 2022 में ही मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी सीट पर उपचुनाव हुआ। इस उपचुनाव में सपा से डिंपल यादव विजयी हुईं। डिंपल ने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2.8 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया।

Keywords

#IndiaAdda#IndiaAddaNews

Share this article

Related Articles

Subscribe to our Newsletter

Stay updated with the latest news and updates from the agricultural world.